हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : नगर पालिका परिषद हापुड़ का विवाद और भ्रष्टाचार से पुराना नाता है। लगातार नगर पालिका परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। अब एक और मामले ने नगर पालिका परिषद पर लगे इन आरोपों को बल दिया है जहां अधिकारियों ने कागज़ों में ही पुलिया का निर्माण करा दिया जबकि अभी भी वह पुलिया टूटी हुई है। महज कागजों में हुए इस निस्तारण से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामला हापुड़ के मोहल्ला गांधी विहार कॉलोनी का है जहां पिछले कई दिनों से टूटी पुलिया लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। ऐसे में विनीत त्यागी ने 22 अगस्त को मामले की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर की। इसके बाद अधिकारियों ने 6 सितंबर को जवाब दिया कि पुलिया का निर्माण करा दिया गया है जबकि असलियत में पुलिया आज भी टूटी हुई है। नगर पालिका परिषद हापुड़ के अधिशासी अधिकारी द्वारा दिए गए जवाब पर यदि गौर किया जाए तो आपको समझ में आएगा कि यह भ्रष्टाचार का खेल कितना बड़ा है? यदि और भी मामलों की जांच की जाए तो धांधली का एक बड़ा खेल सामने आएगा। शिकायत का फर्जी निस्तारण और कागजों में पुलिया का निर्माण इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि आखिर अधिकारी किस कदर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं।
































