हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चोरों के हौंसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। चोरों ने मोदीनगर रोड पर स्थिति दस्तोई रोड पर बुधवार की रात बंद पड़े एक मकान को अपना निशाना बनाया जहां दो लाख रुपए की नकदी समेत चार लाख के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया और फरार होने में कामयाब रहे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
मामला बुधवार की देर रात का है जब मोदीनगर रोड पर स्थित दस्तोई रोड की गली नंबर- 4 निवासी रामविलास ससुराल में हुई किसी की मौत में गए हुए थे। इसी बीच मकान पर ताला लगा था जिसे चोरों ने अपना निशाना बना लिया। चोर बुधवार की रात किसी समय घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और दो लाख रुपए की नकदी को चुरा लिया। चोरों ने घर को अच्छे से टटोला जहां चार जोड़ी पाजेब, तीन अंगूठियां आदि चुरा कर ले गए। गुरुवार की सुबह जब रामविलास परिजनों के साथ घर पहुंचे तो घर की स्थिति को देखकर दंग रह गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने देर किए बिना पुलिस को मामले से अवगत कराया जिसके बाद सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
































