हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला श्रीनगर में दबंगो का कहर दिखाई दिया जहां बाइक सवार छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया. दबंगो ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और फरार हो गए. इस दौरान दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि दो हफ्ते पहले भी श्रीनगर में इसी तरह की घटना को दबंगों ने अंजाम दिया था.
आपको बता दें कि घटना गुरुवार की शाम की है जब मौलाना आजाद स्कूल के सामने बाइक पर सवार छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए. बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों ने हाथों में धारदार हथियार और डंडे लिए हुए थे. एक एक बाइक पर बैठे चार चार दबंगों ने जमकर हंगामा किया. जिसने भी यह घटना देखी उसके रोंगटे खड़े हो गए. छात्रों के रूप में आए दबंगों ने दूसरे पक्ष पर जमकर हमला किया जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि दबंगों के इस आतंक से वह बेहद परेशान हैं. शाम लगभग 5:00 बजे से 7:30 बजे तक बाइक सवार जमकर हुड़दंग काटते हैं.























