हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना पुलिस और गांजा तस्करों के मध्य हुई एक सशस्त्र मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया. पुलिस ने घायल सहित दो बदमाशों को दबोच लिया. पुलिस ने दबोचे गए बदमाशों के कब्जे से तीन किलो गांजा, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस बरामद किया है. घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने बताया कि थाना धौलाना पुलिस रविवार की सुबह करीब छह बजे निधावली नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी कि बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया. पुलिस ने घायल बदमाश सहित दो बदमाशों को दबोच लिया.
घायल बदमाश की पहचान जनपद मेरठ के थाना सरूरपुर के गांव खिबाई के खालिद के रूप में की गई है जबकि उसका साथी थाना धौलाना के गांव पिपलैड़ा का भूरा है. खालिद पर जनपद हापुड़, मेरठ, गाज़ियाबाद, गौतम बुद्धनगर में डेढ़ दर्जन लूटपाट के मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तीन किलो गांजा और हथियार बरामद किए हैं.





























