हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जिला न्यायालय के भवन निर्माण हेतु उत्तर प्रदेश शासन से धनराशि न मिलने से खफा वकीलों ने बुधवार को एक बार फिर हापुड़ में पैदल मार्च किया और विधायक के आवास पर धरना देकर प्रदर्शन किया।
हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी व सचिव रविंद्र सिंह निमेष की अगुवाई में सैकड़ों वकीलों ने कचहरी परिसर से विधायक के आवास तक पैदल मार्च किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी ने बताया कि हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने जिला न्यायालय के लिए भूमि चिन्हित कर ली है, परंतु उत्तर प्रदेश शासन ने धन राशि नहीं भेजी है जिस कारण भवन निर्माण नहीं हो पा रहा है।
वकीलों ने भाजपा विधायक विजयपाल आढ़ती के आवास पर पहुंच कर अपना विरोध व्यक्त किया और धरना देकर नारेबाजी की। वकीलों ने जिला न्यायालय भवन निर्माण के लिए धनराशि आवंटित करने की मांग को लेकर विधायक को एक ज्ञापन दिया। विधायक ने वकीलों को आश्वासन दिया कि वह अधिवक्ताओं की मांग को शासन तक पहुंचा देंगे।




























