हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : शिक्षा सत्र के प्रथम दिन एसएसवी इंटर कालेज में शुक्रवार को हवन का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय परिवार ने आहुतियां डाल कर छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
हवन के मुख्य यजमान विद्याल के प्रबंधक सुधीर अग्रवाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को केवल शिक्षित बनाना ही शिक्षण संस्थाओं का उद्देश्य नहीं है अपितु संस्कार के साथ प्राप्त की गई शिक्षा ही जीवन को सफल बनाती है। छात्र-छात्राओं में पाठ्यपुस्तक के साथ ही श्रेष्ठ संस्कारों का भी विकास हो सके। विद्यालय के प्रधान अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि यह विद्यालय अत्यंत गौरवपूर्ण इतिहास को समेटे है। छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन में उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे तथा इस विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के प्राधानाचार्य विजय कुमार गर्ग ने कहा कि इस वर्ष इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में इस विद्यालय की छात्रा आर्ची सैनी पुत्री मदनलाल सैनी ने 86.20 प्रतिशत अंक अर्जित कर जनपद हापुड़ में आठवां स्थान प्राप्त किया। हाईस्कूल परीक्षा में 95 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा में 94 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। वर्तमान शिक्षण सत्र 2022-23 में विद्यालय में स्मार्ट क्लासेज के माध्यम से शिक्षण कार्य कराया जाएगा। जिससे कि छात्र-छात्राओं को अध्ययन में सुविधा हो सकेगी।
हवन कार्यक्रम में प्रबंध समिति के उप प्रबंधक सुशील कुमार मित्तल (चुन्नू), सदस्य अमित प्रकाश अग्रवाल, सदस्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा, विद्यालय की प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, छात्र-छात्राएं, अभिभावक गण, प्रधानाचार्य एवं स्टाफ उपस्थित रहा।




























