हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में रविवार की सुबह पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखाई दिया. हापुड़ के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है. पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बाबूगढ़, बछलौता, अल्लीपुर समेत विभिन्न इलाकों का पुलिस बल के साथ निरीक्षण किया और सभी से शांति बनाए रखने की अपील की. हापुड़ के ततारपुर गोल चक्कर पर भी पुलिस का कड़ा पहरा है. बता दें कि अग्निपथ भर्ती योजना का देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध हो रहा है जिसके चलते हापुड़ में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है. पल-पल की गतिविधि पर निगाह रखने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की भी मदद ली है. साथ ही जबरदस्त पेट्रोलिंग की जा रही है. हापुड़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा, अपर जिलाधिकारी श्रद्धा शांडिल्यायन, एसडीएम सदर दिग्विजय सिंह, क्षेत्राधिकारी एसएन वैभव पांडे, सीओ ट्रैफिक स्तुति सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनु चौधरी, बाबूगढ़ थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट, गढ़ थाना प्रभारी अभिनव सिंह पुंडीर पुलिस बल के साथ मैदान में नजर आए. पुलिस ने कई इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया है. साथ ही जनपद के सभी क्षेत्रों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है.





























