हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में पुलिस ने बाइक चोरी रोकने का एक अनोखा तरीका निकाला है और लापरवाह वाहन स्वामियों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है. बता दें कि कई ऐसे मामले सामने आते हैं जहां बैंकों के बाहर खड़ी बाइकों को चोर अपना निशाना बना लेते हैं. ऐसे में संज्ञान में यह भी आया कि कई वाहन स्वामी बिना लॉक लगाए ही बैंक आदि स्थानों में चले जाते हैं जिसके बाद मौके की ताक में खड़े चोर वाहन को उड़ा ले जाते हैं.
जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में दरोगा हेम सिंह सैनी ने पुलिस बल के साथ बाबूगढ़ छावनी में बैंक को आदि स्थानों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा. वहीं बैंकों के बाहर खड़ी बाइकों को एक पुलिसकर्मी चेक करता हुआ दिखाई दिया. हालांकि चेकिंग के दौरान सभी बाइकों के लॉक लगे मिले. पुलिस ने इस दौरान वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी सूरत में लॉक खुला ना छोड़े. वाहनों में लॉक खुला छोड़ना चोरों को निमंत्रण देना हैं.
































