हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में नगर पालिका परिषद हापुड़ ने अटल गौरव पार्क व पार्क में अटल जी की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया। इस पार्क के लिए दो टुकड़ों मे ठेका 76 लाख रुपए में सुरेंद्र गोयल को दिया गया। अटल गौरव पार्क उस वक्त चर्चा में आया जब हापुड़ की जिलाधिकारी मेधा रुपम ने पार्क का निरीक्षण कर पार्क में शूटिंग रेंज और बैडमिंटन कार्ड सहित संशोधित नक्शे का ले आउट बनाने को कहा।
आइए, पहले हम आपकों उस स्थान का अवलोकन करा देते हैं, जहां अटल गौरव पार्क का निर्माण कार्य चल रहा है। यह स्थान चौकड़ायत मार्किट के बराबर में गढ़ रोड पर है। कभी नगर पालिका हापुड़ इस स्थान पर जनाना अस्पताल के नाम से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करती थी, एक बार नगर पालिका ने इस स्थान व्यवसायिक काम्प्लैक्स बनाने का निर्णय लिया और कुछ दुकानें बनाई भी गई।
वर्तमान में नगर पालिका हापुड़ ने स्वास्थ्य सेवाओं को विकसित करने और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के स्थान पर पार्क बनाने का निर्णय लिया और दो टुकड़ों में ठेका सुरेंद्र गोयल ठेकेदार को 76 लाख रुपए में दिया।
आज हम केवल पार्ट-फस्ट का जिक्र करेंगे जिसके तहत, अटल गौरव पार्क की चार दीवारी तथा फुटपाथ का कार्य 40 लाख रुपए में ठेकेदार करेगा। ठेकेदार ने परिसर में बने अस्पताल भवन व दुकानों को गिराना शुरु कर दिया और पुरानी ईंटों से चार दीवारी बनवा कर उस पर धड़ाधड़ प्लास्टर करा दिया।
फुटपाथ में भी पुरानी ईंटें लगाई जा रही है। पुराने भवनों का मलवा कहां गया, यह कोई बताने को तैयार नहीं है। लोगों का कहना है कि परिसर से निकाला गया मलवा ही 20 लाख रुपए से ज्यादा का होगा। परिसर से निकलने वाले मलवे को कौन ले गया, सभी चुप्पी साधे है।





























