हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : थाना हाफिजपुर पुलिस और बदमाशों के मध्य शुक्रवार की तड़के हुई एक सशस्त्र मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को धर दबोचा, जबकि उनके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक–एक तमंचा व दो–दो कारतूस, दो खोखा कारतूस , एक पिकअप गाड़ी व चार पंपिंग सेट बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि थाना हाफिजपुर पुलिस चितौली गंदा नाला पर गश्त कर रही थी कि एक पिकअप में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्यवाही करते हुए जसरूप नगर के चंद्रपाल के बेटे शिवम व मनोज के बेटे शिवम तथा तेजपाल के बेटे सूरज को गिरफ्तार कर लिया जबकि आसू, शिवकुमार व दीपक फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर चार पंपिंग सेट भी बरामद किए हैं, जो चोरी के हैं।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश शातिर चोर है, जो दिन में रैकी कर रात को किसानों के खेत से पंम्पिंग सेट, मोटर आदि चोरी कर ले उड़ते थे। बरामद पम्पिंग सेट बदमाशों ने एक दिन पहले ही धौलाना क्षेत्र से चोरी किए थे।
































