हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज से 110 छात्रों की फीस पर हाथ साफ करने के आरोप में पुलिस ने मनोज यादव को गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से 35 लाख 27 हजार रुपए, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपना नाम बदलकर रह रहा था जिसे पुलिस ने गाजियाबाद के डाबर चौक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस इससे पहले मनोज की पत्ना राधा को गिरफ्तार कर चुकी है जिसके कब्जे से पुलिस ने 22 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए थे।
बता दें कि मामला छह मार्च का है जब कॉलेज के लॉकर से छात्रों की एक करोड 80 लाख रुपए की फीस चोरी हो गई। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रबंधक के होश उड़ गए। जांच और सीसीटीवी के आधार पर जनपद कासगंज के सोहराब गेट नगला अस्तल निवासी मनोज कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि मनोज ने अपने एक अज्ञात साथी की मदद से यह चोरी की। मनोज कॉलेज एवं अस्पताल में सीनियर एक्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था जिसने लॉकर से 110 छात्रों फीस को निकाल लिया और पहचान छिपाकर रहने लगा।
पिलखुवा पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरु की और मनोज की पत्नी राधा को गिरफ्तार कर लिया जिसके कब्जे से 22 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए गए। वहीं पुलिस ने गाजियाबादा के डाबर तिराहे से मनोज को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मनोज संजू चौहान के नाम से रह रहा था जिसने अपना एक आधार कार्ड भी बनाया था। मनोज ने पैसों से शॉपिंग भी की। पुलिस ने मनोज से 35 लाख 27 हजार रुपए नकद, दो लाख के आभूषण, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल, एक आधार कार्ड बरामद किया है और आरोपी को जेल भेज दिया है।





























