हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस शनिवार की देर रात करीब दो बजे अचानक खराब हो गई। इस दौरान चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। रविवार को दुकान खुलने के बाद मिस्त्री ने बस को देखा लेकिन बस ठीक नहीं हुई जिससे यात्री बेहाल हो गए हैं। रविवार की दोपहर तक बस न तो ठीक हुई और न ही यात्रियों को बस संचालक द्वारा कोई अन्य बस उपलब्ध कराई गई। इस दौरान बस में सवार बच्चे, बुजुर्ग, महिला, पुरुष भूखे-प्यासे बैठे हैं। यात्रियों ने बताया कि आसपास कोई शौचालय न होने की वजह से उन्होंने दैनिक क्रियाएं भी नहीं की है।
बता दें कि एक बस यात्रियों को उत्तराखंड से लेकर लुधियाना के रास्ते जलंधर जाने के लिए रवाना हुई। इसके लिए लुधियाना तक के लिए प्रति यात्री से हजार रुपए किराया लिया गया। लेकिन हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर जब बस पहुंची तो वह अचानक खराब हो गई। बस में स्लीपर कोच भी है। ऐसे में बताया जा रहा है कि करीब 70 यात्री बस में सवार हैं जिनमें से बच्चे, महिला और बुजुर्ग भी शामिल हैं। बस खराब होने की वजह से यात्री बेहाल हैं। उनका कहना है कि बच्चे भूख-प्यास से तरस रहे हैं। किसी अन्य बस को उपलब्ध कराने के नाम पर चालक और परिचालक लगातार धमकी दे रहे हैं। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। यात्री भूख-प्यास से बेहाल हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को हो रही है।





























