हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में 10 फरवरी को मतदान होना हैं। ऐसे में मतदाताओं को जागरुक करने के उद्देश्य से कई कदम उठाए जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसी कड़ी में एक अनूठी पहल की है। शिक्षकों ने मतदाताओं को जागरुक करने के लिए हापुड़ के निजामपुर बाईपास पर एक अद्भुत पेंटिंग बनाई है जो वोटरों को वोट डालने के लिए प्रेरित कर रही है।
मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा सिंह और ज़िला बेसिक शिक्षा अधिकारी अर्चना गुप्ता के निर्देशन में जनपद में गठित SVEEP टीम ने मतदाताओं को जागरूक करने के लिए यह पेंटिंग बनाई है। सड़क पर निकलने वाले सैंकड़ों वाहनों में सवार लोगों का ध्यान मतदान की ओर आकर्षित करने के लिए यह पेंटिंग बनाई गई है जो वोटरों को वोट डालने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
पेंटिंग में ई.वी.एम. का नमूना बनाया गया है जहां उंगली द्वारा बटन दबाकर 10 फरवरी को मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है। यह पेंटिंग लोगों को इतनी पसंद आ रही है कि वह इसके साथ सेल्फी भी ले रहे हैं। पेंटिंग बनाने में भावना शर्मा, मोहम्मद हारून, बुशरा सिद्दीकी, मोनिका राठी तथा मीनाक्षी शर्मा का योगदान रहा।





























