हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीन तहसीलों हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर व धौलाना में कोरोना वायरस के बढ़ते हुए संक्रमण से लोग कोई सीख नहीं ले रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमण के फैलने से रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की लोग खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं जिस कारण संक्रमण रोजाना नए रंग दिखा रहा है।
यदि संक्रमण प्रभावित इलाकों पर नजर डालें तो स्पष्ट रुप से यह तथ्य उजागर हो रहा है कि ऐसे इलाके कोरोना संक्रमण की चपेट में अधिक आ रहे हैं, जहां कमजोर तबके के लोग अधिक रह रहे हैं। हालांकि पॉश इलाकों में भी प्रतिशत मुश्किल से एक प्रतिशत है। ग्रामीण इलाकों में कोविड-19 वायरस ने अपनी पहुंच बना ली है।
तहसील धौलाना का कस्बा पिलखुवा में तो कोरोना वायरस संक्रमण की चेन टूट नहीं पा रही है। एक के बाद एक कोरोना पीड़ित के मिलने से पिलखुवा गत तीन माह से बफर जोन घोषित है और कारोबार ठप्प है। लोग घरों से बाहर निकलने को तड़प रहे हैं। पूर्व सांसद रमेश तोमर की अगुवाई में लोग प्रदेश के मुख्यमंत्री से भेंट कर दुकान खोलने की गुहार लगा चुके हैं। पिलखुवा में डोर-टू-डोर चिकित्सीय परीक्षण चल रहा है जिससे घबराए लोग घरों पर ताला लगाकर गायब हो जाते हैं। पिलखुवा के आर्यनगर में सर्वाधिक 132 मरीज तथा पिलखुवा क्षेत्र में कुल 204 मरीज शनिवार की शाम तक मिल चुके थे।
हापुड़ शहर की बात करें तो शनिवार की शाम तक 234 मरीज विभिन्न इलाकों से कोरोना संक्रमित पाए गए जिस कारण हापुड़ का करीब 75% इलाका बफर जोन में है। हापुड़ के विभिन्न बाजारों में चहल-पहल को देखकर ऐसा लगता है कि यहां कोरोना संक्रमण का भय नहीं है। पुलिस की मिली भगत हापुड़ के बाजारों में खुलेआम कारोबार हो रहा है। लॉकडाउन में जमाखोरों, मुनाफाखोरों, कालाबाजारियों की खूब मौज आई है। जीएसटी चोरी का धंधा खूब पनप रहा है।





























