हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जूम के द्वारा सोमवार को कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम का माह नवम्बर में शत प्रतिशत पूर्ण कराने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने हापुड़ को उत्तर प्रदेश का प्रथम पूर्ण कोविड टीकाकरण बनाने के अपने संकल्पित लक्ष्य को पूर्ण करने के लिये वृहद स्तर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकरी, सभी उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, प्राथमिक/ सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आशा अनुक्रम में पूरे जनपद में सभी व्यक्तियों को कोविड-19 की दोनों डोज का टीकाकरण अनिवार्य रूप से लगाए जाने हेतु संबंधित को निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने शत प्रतिशत टीकाकरण के लिये कार्ययोजना बनाते हुये सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये कार्य की रूपरेखा तय की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ केन्द्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में 20-20 टीमें ढाई से तीन हजार प्रतिदिन का टीकाकरण करेंगी। नोडल अधिकारी कोविड वैक्सीनेशन डा0 संजीव ने बताया कि वृहद स्तर पर रणनीति बनाते हुये प्रत्येक तहसील, विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत के लिये टीकाकरण करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी की टीमें बनाकर प्रतिदिन एवं साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारण किया गया हैं। जिलाधिकारी ने ’’पुरस्कार एवं दण्ड सिद्धान्त’’ को अपनाते हुये कहा कि जो ग्राम पंचायत/विकास खण्ड/तहसील शत प्रतिशत टीकाकरण करेगी उस क्षेत्र के ग्राम प्रधान, खण्ड विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित सभी कर्मचारियों को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा तथा साथ ही साथ प्रतिदिन के लक्ष्य को न पूरा करने एवं गाॅव में एक भी व्यक्ति टीकाकरण से वंचित होने पर सम्बन्धित सभी अधिकारी/कर्मचारियो को दण्डित भी किया जायेगा। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी ग्राम प्रधानो, क्षेत्र पंचायत सदस्यो एवं जन प्रतिनिधियो से आशा व्यक्त कि वे एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपने क्षेत्र के सभी व्यक्तियो को पूर्ण टीकाकरण करायें तथा उनमें अपने गाॅव को शत प्रतिशत टीकाकरण कराने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिये कि हमारा गाॅव सबसे पहले पूर्ण टीकाकरण हुआ।
जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देश दिये है कि नोडल अधिकारी से वैक्सीन प्राप्त कर टीकाकरण के लक्ष्य को नियमित रूप से पूर्ण कराने के लिये खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम प्रधानो की टीम बनाकर कार्य करें तथा जिस गाॅव में शत प्रतिशत टीकाकरण हो जाये उस ग्राम पंचायत के प्रधान को सम्मानित करते हुये प्रशंसा पत्र दें। इसी तरह उन्होने सभी स्वास्थ केन्द्र चिकित्सा प्रभारियो से कहा कि प्रत्येक केन्द्र प्रभारी ढाई हजार से तीन हजार के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिये 20-20 टीमे गठित कर गाॅव, घर-घर जाकर टीकाकरण करें।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिये कि वे सभी विद्यालयो में प्रार्थना के समय बच्चो को सूचित एवं जागरूक करे कि टीकाकरण टीम अवमुक्त तिथि को टीकाकरण टीम आयेगी तथा बच्चे अपने माता-पिता को टीकाकरण कराने हेतु प्रेरित करे। उन्होने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि वे बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं आॅगनबाड़ी कार्यकत्रियो को कार्य एजेण्डा बनाते हुये टीकाकरण में समन्वय एवं सहयोग स्थापित करें। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि वे कोटेदारो को निर्देशित करे कि वे सभी सार्वजनिक खाद्य वितरण लाभार्थी एवं ग्रामवासी को शत प्रतिशत टीकाकरण कराते हुये लिखित सूचित करें। जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी को कड़े शब्दो में निर्देश दिया कि उनके द्वारा दिये गये लिखित डाटा सूची एवं पोर्टल पर अपडेट सूची में अन्तर नही होना चाहिये।
जिलाधिकारी ने शत प्रतिशत टीकाकरण करने के अपने संकल्पसिद्धि को कार्यसिद्धि में बदलने के लिये सभी उपजिलाधिकारी से लेकर ग्राम प्रधान तक प्रतिदिन टीकाकरण प्रगति अद्यतन रिपोर्ट सम्बन्धित विभाग अधिकारी को प्रेषित करने के निर्देश दिये। उन्होने टीकाकरण कार्य में लगे सभी अधिकारी/कर्मचारियो, कोटेदारो एवं प्रधानो को निर्देश दिये कि वे टीकाकरण में सहभागिता करते हुये अपने सम्बन्धित विभागीय व्हाटसएप गु्रप पर एक फोटो एवं टीकाकरण रिपोर्ट नियमित प्रेषित करें। उन्होने नोडल अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी क्षेत्रो के सभी अधिकारियो एवं कर्मचारियो के लिये प्रत्येक सप्ताह का एक प्लान बना लें कि कौन-कौन सी टीमें किस-किस क्षेत्र में कहाॅ पर टीकाकरण करेगी तथा सभी कर्मचारियो को पहले ही सूचित कर दें। ’’एक भी व्यक्ति छूटा, कोविड सूरक्षा चक्र टूटा’’ की भावना को क्रियान्वित करते हुये उन्होने बैठक में सभी अधिकारियो से आशा व्यक्त कि आप सभी लोग पूर्ण मनोयोग, कर्मयोग एवं अपनी प्रतिबद्धतता के साथ जनपद को कोविड से मुक्त कराने में अपना अमूल्य योगदान देंगें।






















