हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : यूनिक टीचर्स इम्प्लाइज कमेटी जनपद हापुड़ के तत्वावधान में सोमवार को हापुड़ में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एक बाइक रैली का आयोजन किया गया। बाइक रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। यूटेक के जिलाध्यक्ष डा. देवपाल सिंह राणा ने बताया कि भारत सरकार की नौकरियों में एक जनवरी 2004 से तथा उत्तर प्रदेश सरकार की नौकरियों में एक अप्रैल 2005 से शिक्षकों, कर्मचारियों व अधिकारियों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा यानि पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर शेयर बाजार आधारित नवीन पैंशन व्यवस्था को लागू किया गया जो कर्मचारी के हित में नहीं है।
संगठन पुरानी पेंशन बहाली की मांग लम्बे समय से करता आ रहा है। परंतु सरकार मांग पर ध्यान नहीं दे रही है। शिक्षकों व कर्मचारियों ने सोमवार को मांग के समर्थन में एक बाइक रैली निकाली। प्रदर्शनकारियो ने कलैक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर प्रतीक गुप्ता, रितेश सारस्वत, विकास सैनी, रामकुमार, अमित कुमार, रागवेंद्र प्रताप सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।























