हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com) : लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में सोमवार को हापुड़ में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के निकट तीन घंटे तक उपवास रखा और हाथों में पोस्टर लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के प्रति नाराजगी जताई।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी, शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल, भूतपूर्व विधायक गजराज सिंह, अरविंद शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता सोमवार को गांधी जी की प्रतिमा पर पहुंचे और नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए और तीन घंटे तक उपवास रखा। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर लिए थे जिनपर मंत्री को बर्खास्त करने की मांग के नारे लिखे थे।
जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने बताया कि कांग्रेस की मांग है कि गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त किया जाए और लखीमपुर खीरी हादसे में मारे गए किसानों व पत्रकार को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद तथा मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।
































