हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव निवासी एक किसान की बेटी ने अपने ससुराल गाजियाबाद के शास्त्री नगर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मृतक के पिता का कहना है कि बेटी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसकी बेटी की हत्या कर दी। मामला गाजियाबाद के शास्त्री नगर का है जहां शनिवार की रात को एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। 20 वर्षीय विवाहिता की शादी पिछले साल शास्त्री नगर में हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग 20 लाख रुपए कैश के अलावा गाड़ी की मांग कर रहे थे और मांग पूरी ना होने पर किसान की बेटी का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते थे। विवाहिता ने शनिवार की रात को आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और जांच में जुट गई। गाजियाबाद के कवि नगर कोतवाल संजीव कुमार का कहना है कि जिस कमरे में महिला की लाश मिली वह कमरा अंदर से बंद था जिसका गेट तोड़कर शव निकाला गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टाईल्स पर प्रिंट कराएं अपनी फोटो, कॉल करें: 8449930105, 9837824010





























