हापुड़,सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश विधानसभा-2022 का चुनाव फतह करने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी ने प्रदेश भर में यू.पी. जोड़ो सदस्यता अभियान चलाया हुआ है। यह अभियान 8 अगस्त तक चलेगा। यू.पी. जोड़ो सदस्यता अभियान के तहत गुरुवार को हापुड़ के स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित ए.के.पी. इंटर कालेज के पास आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने एक शिविर लगाकर सदस्यता अभियान चलाया और अनेक लोगों ने शिविर में आकर आप की सदस्यता ग्रहण की।
आम पार्टी हापुड़ विधान सभा क्षेत्र प्रभारी जोगेंद्र दास ने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान हर गली-मौहल्ले में चलाया जा रहा है। आप पार्टी विधान सभा-2022 चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेगी। उत्तर प्रदेश में आप की सरकार बनेगी और आप वे सभी सुविधाएं प्रदेश के लोगों को मुहैया कराएगी, जो दिल्ली में मिल रही है। आप के प्रवक्ता ऋषिपाल सैनी एडवोकेट ने दावा किया कि आप के प्रति लोगों में उत्साह उमड़ रहा है और वे स्वेच्छा से सदस्यता ग्रहण कर रहे है। इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी मनोज गुप्ता, बी. डी.सी .पं० राहुल शर्मा, आजाद , वीरेन्द्र , टीकाराम उपाध्याय , बाबूराम, आकाश त्यागी, साजिदखान, मुस्लिमकुरेशी, पं मनोज भारद्वाज आदि उपस्थित थे।

























