हापुड़: जनपद हापुड़ में ज्वार के बीज के लिए किसान मारा-मारा फिर रहा है, परन्तु किसान को ज्वार की बीज आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रही है। आजकल ज्वार की बुआई किसान कर रहा है।
सुपर बाजार एसोसिएशन से सम्बद्ध पक्का बाग सुधार व सुरक्षा समिति हापुड़ ने उपजिला मैजिस्ट्रेट हापुड़ को दिए एक ज्ञापन में बताया है कि हापुड़ व्यापारियों का करोड़ों रुपए का ज्वार का बीज नवीन मंडी स्थल के सैंट्रल वेअर हाऊस में रखा है जो मंडी स्थल सील होने के कारण बाहर नहीं निकाला जा सका है।
एक पखवाड़ा पहले फल, सब्जी मंडी में एक पल्लेदार के कोरोना संक्रमित पाए जाने के कारण प्रशासन ने पूरे मंडी क्षेत्र को नियंत्रण में लेकर सील कर दिया था जिस कारण किसानों व व्यापारियों का गुड़ व खाद्यान्न आदि मंडी से नहीं निकाला जा सका है।
व्यापारियों का कहना है कि सील मंडी स्थल पर सरकारी वेअस हाऊस है जिसमें व्यापारियों का ज्वार के बीज का भंडारण है। परन्तु वेअर हाऊस से ज्वार के बीज की निकासी न होने से बाजार ज्वार के बीच का तोड़ा बना है। व्यापारियों की मांग है कि वेअर हाऊस से ज्वार के बीच की निकासी की प्रशासन व्यवस्था करे ताकि किसानों को ज्वार का बीज उपलब्ध हो सके और भविष्य में हरे चारे की उपलब्धता बनी रहे।
































