
हापुड़ में पैसों के लेन-देन को लेकर वकील पर हमला, बेसबॉल के डंडे से पीटा; तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के थाना देहात स्थित गांव असौड़ा में जहाँ पैसों के विवाद को लेकर एक वकील पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने रास्ते में अधिवक्ता को घेरकर बेसबॉल के डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा! आइए जानते हैं पूरी खबर…”
“हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा में पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर एक वकील पर हमला करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक, असौड़ा गांव के रहने वाले नितेश वर्मा पेशे से अधिवक्ता (वकील) हैं।
पीड़ित वकील ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 1 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे वह किसी काम से बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह चेतन मेडिकल स्टोर के पास पहुंचे, तो गांव के ही रहने वाले अजय वर्मा, उसके बेटे विशू वर्मा और कन्हैया वर्मा ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
आरोपियों ने रुपयों के लेन-देन को लेकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अधिवक्ता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि विशू वर्मा ने बेसबॉल के डंडे से उनके हाथ पर वार किया, जबकि अजय और कन्हैया ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा।
अचानक हुए इस हमले से वकील ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों को मौके पर आते देख तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने 2 नवंबर को थाना देहात में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मामले में थाना प्रभारी ने जानकारी दी है कि पुलिस ने अजय वर्मा, विशू वर्मा और कन्हैया वर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।”
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480


























