
दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल का जनपद हापुड़ के 71,530 परिवार को उपहार
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com): दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत जनपद हापुड़ के कुल 71,530 उज्ज्वला लाभार्थी परिवार लाभान्वित होंगे।
इस योजना का शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन, लखनऊ से डिजिटल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी उपलब्ध कराने हेतु ₹1,500 करोड़ की धनराशि का हस्तांतरण किया गया। यह धनराशि पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिससे उन्हें दीपावली के अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
इसी क्रम में जनपद हापुड़ में आयोजित कार्यक्रम में विधायक हापुड़ विजय पाल आढ़ती, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा नागर, सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली व विनोद गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने, स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने तथा उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। दीपावली के शुभ अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को विशेष राहत मिलेगी।
जनपद हापुड़ में इस योजना के अंतर्गत कुल 71,530 पात्र उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं जिला पूर्ति विभाग द्वारा योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480


























