
बृजघाट में दुकानदारों की चेयरमैन के साथ बैठक
हापुड़, सीमन/ मोनू शर्मा (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के तीर्थनगरी बृजघाट में दुकानदारों, पंडितों और फूल-प्रसाद विक्रेताओं के रोजगार को लेकर चल रहे विवाद के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। नगर पालिका अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया है कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और न ही किसी को उसके रोजगार से हटाया जाएगा।
पालिका अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्लेटफार्म पर निर्धारित व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके तहत पंडितों, प्रसाद विक्रेताओं और दुकानदारों के लिए अलग-अलग सीमित लाइनें निर्धारित की जाएंगी, ताकि सभी अपना रोजगार सुचारू रूप से चला सकें।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बृजघाट में 400 से अधिक परिवारों की आजीविका छोटे कारोबार पर निर्भर है। ऐसे में रोजगार प्रभावित न हो, इसके लिए व्यवस्थित तरीके से स्थान निर्धारित करने पर जोर दिया जा रहा है।
आश्वासन मिलने के बाद समस्त दुकानदारों, पंडितों और प्रसाद विक्रेताओं ने विधायक हरेंद्र तेवतिया एवं पालिका अध्यक्ष राकेश बजरंगी का आभार व्यक्त किया।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365




























