
ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर बेचे जा रहे थे नकली प्रोडक्ट्स, पुलिस ने मुख्य सप्लायर को लिया हिरासत में
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड के धौलाना से एक प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय केमिकल निर्माता कंपनी के नाम पर चल रहे नकली उत्पादों के काले कारोबार का पर्दाफाश हुआ है।”
“मामले की जानकारी देते हुए कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि और दिल्ली निवासी शिवम गुप्ता ने बताया कि वे कंपनी के नकली उत्पाद पकड़ने वाली टीम के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने धौलाना के एक स्थानीय दुकानदार के खिलाफ नकली सामान बेचने की शिकायत दर्ज कराई थी। जब पुलिस ने उस दुकानदार से पूछताछ की, तो उसने माल की सप्लाई करने वाले मुख्य व्यक्ति ‘अर्जुन’ का नाम उजागर किया। इसके बाद से पुलिस और कंपनी की टीम इस पर नजर बनाए हुए थी। बुधवार को जैसे ही आरोपी अर्जुन धौलाना में माल सप्लाई करने के लिए पहुँचा, इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध व नकली उत्पाद बरामद करते हुए आरोपी अर्जुन को हिरासत ले लिया। कंपनी प्रतिनिधि का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उत्पादों की नकल कर कंपनी के ट्रेडमार्क और कॉपीराइट कानून का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी है कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से जाँच कर रही है और इसमें संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि इस नकली माल के इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।”
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480




























