
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई की। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के सहयोग से दो स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहली कार्रवाई बुलंदशहर रोड पर शिव मंदिर के बराबर, अलीनगर क्षेत्र में की गई। यहां दर्पण त्यागी पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र त्यागी और विकासकर्ता मनोज त्यागी व गिरीश शर्मा द्वारा करीब 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।वहीं, दूसरी कार्रवाई बुलंदशहर रोड पर गोल चक्कर के निकट की गई, जहां दर्पण त्यागी द्वारा लगभग 2,500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई।इस अभियान में प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम और संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस शामिल रही। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और विकास कार्यों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
























