
गढ़मुक्तेश्वर: पति के मौसा पर महिला से दुष्कर्म का गंभीर आरोप, एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ब्रजघाट चौकी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ने अपने पति के मौसा पर कपड़े दिलाने का झांसा देकर कार में बैठाने और फिर एक गेस्ट हाउस में ले जाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के पति के अनुसार, 13 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुरादाबाद में एक राजनीतिक बैठक में गए थे, जहाँ उनकी मुलाकात मौसा से हुई थी। आरोप है कि इसके अगले दिन आरोपी ने फोन करके महिला को सूट दिलाने की बात कही और उसे अपनी कार में बैठाकर गढ़मुक्तेश्वर ले गया। इसके बाद आरोपी महिला को ब्रजघाट स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया और वहाँ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को स्याना चौपला पर पुल के नीचे छोड़ दिया और किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। सीओ राहुल यादव ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती दौर में तहरीर नहीं मिली थी, बाद में एसपी के सख्त आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068
























