
बहादुरगढ़: रजवाहे में मिले पशु के अवशेष, पुलिस जांच में जुटी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ के गांव पलवाड़ा के पास रजवाहे में शनिवार शाम पशु के पुराने अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया है। अवशेष मिलने के बाद इलाके में गोकशी की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद से माहौल गरमाया हुआ है।
सूचना मिलते ही बजरंग दल के जिला सहसंयोजक लोकेंद्र राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा भी देखने को मिला। गोरक्षक अनिल लोधी ने आरोप लगाया है कि गढ़ सर्किल क्षेत्र में लगातार गोकशी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसकी शिकायतें पहले भी की गई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अवशेषों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर अवशेषों के नमूने (सैंपल) लेकर बाकी बचे अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया है।
इस पूरे मामले पर सीओ राहुल यादव ने बताया कि घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ये अवशेष किस पशु के हैं। फिलहाल नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010























