
गंगा किनारे तोरई के खेत में निकला मगरमच्छ, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर नदी में छोड़ा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ क्षेत्र के शंकराटीला गांव में गंगा किनारे स्थित एक खेत में अचानक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। तोरई के खेत में मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर मिलते ही आसपास के किसानों और ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गंगा का जलस्तर कम होने के कारण यह मगरमच्छ भटककर खेत तक आ पहुंचा था। वन कर्मियों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत का परिचय देते हुए सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और भारी जद्दोजहद के बाद मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया।
सफलतापूर्वक रेस्क्यू करने के बाद वन विभाग की टीम ने इस खतरनाक जीव को वापस सुरक्षित गंगा नदी में छोड़ दिया है, जिसके बाद ग्रामीणों और किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी करण सिंह ने किसानों और गंगा किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि इस तरह की स्थिति दिखने पर तुरंत सतर्कता बरतें और खुद नजदीक जाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
दातों की झनझनाहट को नजरअंदाज ना करें, नि:शुल्क सलाह के लिए कॉल करें: 7668219093, 9997097671
























