
डिजिटल लाइब्रेरी का समय बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय गोरक्षा परिषद का धरना-प्रदर्शन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं ग्राम पंचायत आलमनगीरपुर (बलवापुर) स्थित नेता जी कल्याण सिंह डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन समय बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को भारतीय गोरक्षा परिषद ने गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सुबह 10:30 बजे ब्लॉक परिसर में धरने पर बैठ गए। धरना दोपहर 12:50 बजे तक चला। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहित चौधरी के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष तनुज कश्यप ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया।
संगठन की प्रमुख मांग है कि नेताजी कल्याण सिंह डिजिटल लाइब्रेरी को सप्ताह के सातों दिन सुबह 8:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक संचालित कराया जाए। साथ ही विद्यार्थियों के लिए शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ अध्ययन वातावरण, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, उचित प्रकाश और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
भारतीय गोरक्षा परिषद का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगे निजी पुस्तकालयों का खर्च वहन नहीं कर पाते। ऐसे में सार्वजनिक डिजिटल लाइब्रेरी उनके लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुस्तकालय का सीमित संचालन समय एवं साप्ताहिक अवकाश विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्रभावित कर सकता है। इसलिए विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय का समय बढ़ाया जाना जरूरी है।
प्रदेश अध्यक्ष मोहित चौधरी ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन से मांग की कि पुस्तकालय के संचालन समय में वृद्धि करने के संबंध में शीघ्र आवश्यक निर्णय लिया जाए। जिलाध्यक्ष तनुज कश्यप ने ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों से आग्रह किया कि पुस्तकालय को सातों दिन संचालित कराने तथा विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस दौरान भारतीय गोरक्षा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष मोहित चौधरी, प्रदेश महामंत्री प्रदीप रावत जिला अध्यक्ष तनुज कश्यप, मंडल उपाध्यक्ष संजय यादव, जिला सचिव टिंकू राणा, अजय राणा, सोनू राणा, प्रदीप राणा गौरव एवं ब्लॉक सचिव विनीत गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के हित में डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन समय बढ़ाने की मांग का समर्थन किया।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365
























