
करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, 6 महीने पहले ही हुई थी शादी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां मिठाई की दुकान पर सफाई करते वक्त करंट की चपेट में आने से युवक समीर की दर्दनाक मौत हो गई। दर्द की बात यह है कि मृतक समीर की शादी महज छह महीने पहले ही हुई थी। इस हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से दतियाना गांव के रहने वाले समीर पुत्र बसरात, सिंभावली के हरौड़ा रोड स्थित गली नंबर तीन में रहते थे। समीर हरौड़ा मोड़ पर एक मिठाई की दुकान पर काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बुधवार देर शाम जब समीर दुकान में फर्श पर पानी डालकर सफाई कर रहे थे, तभी अचानक फ्रिज में उतरे तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। दुकान में मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बिजली के संपर्क से अलग किया।
परिजन आनन-फानन में समीर को पहले हापुड़ और फिर मेरठ के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। समीर की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। सीओ राहुल यादव ने बताया कि परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद गांव दतियाना में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)

























