
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में चोरों के हौसले बुलंद हैं। थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की फ्रीगंज रोड पर कचहरी के बाहर और कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित छोले-भटूरे की दुकान को चोरों ने अपना निशाना बना लिया। रविवार देर रात चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सिलेंडर, बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, फ्रीगंज रोड पर श्री बालाजी स्पेशल पनीर छोले-भटूरे के नाम से दुकान है। रविवार रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ा और आधा शटर उठाकर अंदर प्रवेश कर लिया। इसके बाद चोरों ने दुकान में रखा सामान समेटा और मौके से फरार हो गए।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब दुकान संचालक नीतीश शर्मा दुकान पर पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दुकान का टूटा ताला और अंदर बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है।हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात कचहरी के बाहर और हापुड़ कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई। ऐसे में चोरों के दुस्साहस और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कर चोरों को कब तक गिरफ्तार करती है।
























