
जटायु के त्याग और माता शबरी की अनन्य भक्ति ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर, श्रीरामलीला महोत्सव में धर्म, समर्पण और आदर्श जीवन का दिया संदेश
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): हापुड़। श्री रामलीला समिति (रजि.), हापुड़ के तत्वावधान में आयोजित श्री रामलीला महोत्सव वर्ष 2026–27 के अंतर्गत शनिवार को रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम की लीलाओं का भावपूर्ण एवं भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम में जटायु मोक्ष, माता शबरी का जीवन चरित्र, श्रीराम-लक्ष्मण का कुटिया में आगमन तथा नवधा भक्ति के प्रसंगों को प्रस्तुत किया गया और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को भक्ति, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
व्यास पीठ से व्यास श्री पवन देव चतुर्वेदी जी ने रामायण के प्रसंगों की महत्ता को प्रस्तुत करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, मर्यादा, त्याग और भक्तवत्सलता के महत्व को रेखांकित किया। रामकथा के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को अपने जीवन में सत्य, सदाचार, सेवा और धर्म के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी।
लीला के दौरान पक्षीराज जटायु का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। माता सीता के हरण के समय जटायु ने अपनी आयु और सामर्थ्य की परवाह किए बिना रावण का सामना किया। भगवान श्रीराम द्वारा जटायु को सम्मान देने और मोक्ष प्रदान करने के प्रसंग को प्रस्तुत किया गया। इस प्रसंग के माध्यम से संदेश दिया गया कि अन्याय के विरुद्ध खड़ा होना, नारी सम्मान की रक्षा करना और धर्म के लिए संघर्ष करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
साथ ही माता शबरी की वर्षों की प्रतीक्षा, अटूट श्रद्धा और भगवान श्रीराम के प्रति निष्काम प्रेम का प्रसंग भी अत्यंत मार्मिक रहा। प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण जी के शबरी की कुटिया में आगमन तथा नवधा भक्ति के उपदेश ने श्रद्धालुओं को भक्ति के वास्तविक स्वरूप से परिचित कराया। इस प्रसंग ने संदेश दिया कि भगवान के प्रति सच्चा प्रेम, निर्मल हृदय और पूर्ण समर्पण ही भक्ति का आधार है।
समिति के प्रधान विनोद कुमार वर्मा ने महोत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने नगरवासियों से अपील की, कि वे अधिक से अधिक संख्या में रामलीला में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं और नई पीढ़ी को प्रभु श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराएं।
अवसर पर समिति के संरक्षक देवेन्द्र कुमार, रविंद्र गुप्ता, अनिल गोपाल गोयल, प्रधान विनोद कुमार वर्मा, महामंत्री उमेश अग्रवाल, कोषाधयक्ष शुभम गोयल, वरिष्ठ उपप्रधान सुयश वशिष्ठ, संयोजक नवीन गुप्ता, मीडिया प्रभारी विमल वर्मा व कार्यकारिणी से मनोज वर्मा प्रधान, अतुल सोनी, माधव वर्मा, मुकेश वर्मा बॉबी, प्रदीप सोनी, अंकुर गर्ग, रितिक त्यागी, गौरव बजरंगी एवं विवेक सिंघल सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010
























