
सागौन और यूकेलिप्टस के पेड़ों की अवैध कटाई, खेत मालिक और ठेकेदार समेत 3 पर एफआईआर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):बहादुरगढ़ क्षेत्र में बिना अनुमति हरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने का मामला सामने आया है। भदस्याना-हाजीपुर मार्ग पर स्थित एक निजी आम के बाग में सागौन और यूकेलिप्टस के पांच पेड़ों को अवैध रूप से काट दिया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां पेड़ों के सिर्फ ठूंठ और जड़ें पाई गईं, जबकि काटी गई कीमती लकड़ी मौके से गायब थी।
मामले में सख्त एक्शन लेते हुए वन उपनिरीक्षक शबाबुल हसन की तहरीर पर बहादुरगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि पेड़ कटवाने के आरोप में खेत मालिक रामपाल मास्टर (निवासी हाजीपुर), ठेकेदार जफर (निवासी बहादुरगढ़) और सलीम डीलर (निवासी पलवाड़ा) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, सीओ राहुल यादव के अनुसार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण वृक्ष संरक्षण अधिनियम और अभिवहन नियमावली के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)

























