
54 साल बाद कब्जामुक्त हुआ चकरोड़, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): धौलाना तहसील क्षेत्र के गांव मंगला काशी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 साल पुराने चकरोड़ और नाली को कब्जामुक्त करा दिया है। वर्ष 1972 से बंद पड़े रास्ते के खुलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
दरअसल, गांव में चकरोड़ और नाली पर लंबे समय से कब्जा होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मामले में किसान गर्भव सिंह ने तहसील दिवस के दौरान शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई।
उपजिलाधिकारी ऋषि राव और तहसीलदार सचिन चौधरी के निर्देश पर राजस्व टीम गांव पहुंची और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। राजस्व निरीक्षक मांगेराम, लेखपाल प्रभात कुमार और रोहित कुमार की टीम ने मौके पर ट्रैक्टर की मदद से बंद पड़े रास्ते को खुलवाया।
किसान गर्भव सिंह के मुताबिक, रास्ता लंबे समय से बंद होने के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब रास्ता खुलने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में राहत है और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो गया है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739






















