
अमरोहा के युवक पर हापुड़ में जानलेवा हमला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। गाजियाबाद से लाए गए एक युवक का उसके ही दोस्त ने शराब पिलाकर धारदार चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को गुमराह करने और एक झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश की।
मामला हापुड़ की फ्रीगंज रोड स्थित शिवा रेस्टोरेंट के पास का है। पीड़िता असद, जो गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में काम करता है, को उसका दोस्त वसीम बहला-फुसलाकर हापुड़ लाया था। आरोप है कि देर रात वसीम ने असद को शराब पिलाई और जान से मारने की नीयत से उसके गले पर चाकू से वार कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने बड़ी शातिराना चाल चली। उसने खुद को बेकसूर दिखाने के लिए लहूलुहान अवस्था में असद को कोतवाली पहुंचाया और दावा किया कि किसी अज्ञात शख्स ने उस पर हमला किया है। इसके बाद जब पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, तो आरोपी मौका देखकर वहां से रफूचक्कर हो गया।
गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने असद को मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में होश में आने पर असद ने अपने भाई वसीम को पूरी सच्चाई बताई कि उस पर हमला किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके दोस्त वसीम ने ही किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उसे कानून की गिरफ्त में ले लिया जाएगा।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480






















