
हापुड़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 614 किलो सॉस व मिक्स मसाला सीज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावट के संदेह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 614 किलोग्राम सॉस और मिक्स मसाला सीज किया है। टीम ने मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी संग्रहित किए हैं। यह कार्रवाई बुधवार को परशुराम कॉलोनी, स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मैसर्स पवित्रा ट्रेडर्स पर की गई।
जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान ‘माय फ्रेश’ और ‘केशव गोल्ड’ ब्रांड के कॉन्टिनेंटल सॉस के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। सॉस में मिलावट की आशंका के चलते टीम ने 344 किलोग्राम सॉस सीज कर दिया। इसकी कीमत करीब 28,600 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा, टीम ने मिक्स मसाले के दो नमूने भी लिए। कार्रवाई के दौरान लगभग 270 किलोग्राम मिक्स मसाला सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 16,200 रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों में हलचल मच गई। विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़






















