
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): भारतीय किसान यूनियन टिकैत का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उप जिलाधिकारी हापुड़ से मिला और जनपद के किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल में चौधरी विनय बाना, ठाकुर भवेंद्र सिसोदिया, डॉ. मतलूब, शेखर चौधरी, सूरजवीर सिंह, विनोद धारीवाल, मनिंदर मसंद, ममता शर्मा सहित अन्य साथी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को अवगत कराया कि जनपद में गन्ना किसानों का भुगतान लंबे समय से बकाया है। किसानों को लगातार भुगतान का आश्वासन दिया जा रहा है, वहीं जनप्रतिनिधियों द्वारा भी किसानों को केवल आश्वासनों में उलझाया जा रहा है। इसके चलते किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही आलू उत्पादक किसानों को खेती में लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि उत्कल जैसी कंपनियां किसानों को धोखा देकर भुगतान किए बिना भाग रही हैं, जिससे किसानों की मेहनत की कमाई पर संकट खड़ा हो रहा है।
तहसील स्तर पर दाखिल-खारिज, नामांतरण तथा खसरा-खतौनी से संबंधित मामलों में भी भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इन मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए किसानों को राहत दिलाने और लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
भाकियू के प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हम ज्ञापन देने नहीं, बल्कि प्रशासन को चेतावनी देने आए हैं। किसानों की समस्याओं को लगातार अनदेखा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन समय रहते सभी लंबित मामलों का निस्तारण करे और किसानों को उनका अधिकार दिलाए, अन्यथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन करने को बाध्य होगी।





















