
पिलखुवा की बेटी तोशी राघव ने निशानेबाजी में जीता गोल्ड मेडल, अब भोपाल में दिखाएंगी दम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा की बेटी तोशी राघव ने निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संभल के बबराला में आयोजित डीएवी खेलकूद की प्रदेश स्तरीय बालिका प्रतियोगिता में तोशी ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।
तोशी राघव डीएवी पिलखुवा की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। घर पहुंचने पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत कर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तोशी राघव अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रदेश महामंत्री गौरव राघव की पुत्री हैं। निशानेबाजी में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहीं तोशी का अगला लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना है।
अब तोशी 17 अक्टूबर को भोपाल में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनकी निगाहें राष्ट्रीय मुकाबले पर टिकी हैं। तोशी का सपना भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
तोशी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है और उम्मीद व्यक्त की है कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर पिलखुवा और जनपद हापुड़ का नाम रोशन करेंगी।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480






















