
पिलखुवा: अतरौली रोड पर मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर पर चोट के निशान
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अतरौली रोड पर शुक्रवार को करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने सड़क पर एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की मदद से व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिसके चलते उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस सड़क हादसे की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान के अनुसार, मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069






















