
हापुड़ पुलिस लाइन के सामने शिवा ढाबा के बगल में अवैध प्लॉटिंग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कस्बा बाबूगढ़ में नए बाईपास के निकट पुलिस लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है जिस कारण आसपास इलाके में जमीन के दाम आसमान छू रहे हैं और प्लाटिंग के धंधेबाजों की खूब मौज आ रही है।
निर्माणाधीन पुलिस लाइन के ठीक सामने हाईवे मार्ग के दूसरे छोर पर शिवा ढाबा संचालित है। शिवा ढाबा के पिछले हिस्से तथा शिवा ढाबा के बगल में बड़े पैमाने पर प्लाटिंग हो रही है जिस वजह से राज्य सरकार को भारी राजस्व से हाथ धोना पड़ रहा है। आरोप है कि हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण अवैध प्लाटिंग की ओर से आंखें मूंदे हैं।
अवैध प्लाटिंग के कारोबारी ने शिवा ढाबा की बगल में करीब दस हजार वर्ग मीटर कृषि भूमि किसी किसान से सस्ती खरीद ली। कारोबारी भूमि का लैंड यूज परिवर्तित कराएं बिना ही प्लाटिंग कर रहे हैं जो प्राधिकरण के नियमों के विपरीत है। भूमि की चार दिवारी की गई है और मिट्टी का भराव कार्य चल रहा है। कॉलोनी में सड़क मार्ग बनाया गया है। पानी की निकासी के लिए नाली बनाई जा रही है और सड़क मार्ग पर पौधारोपण किया जाएगा। बिजली सप्लाई के लिए विद्युत विभाग से लाइन खिंचवाई जाएगी। अवैध कॉलोनी में प्लॉट की बिक्री हेतु दलालों को सक्रिय किया गया है जो 35 हजार रुपए प्रति मीटर के दाम मांग रहे हैं।
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने कहा है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में खरीदे गए प्लाट पर भवन निर्माण हेतु प्राधिकरण भवन का मानचित्र स्वीकृत नहीं करता है उपभोक्ता प्राधिकरण दफ्तर से संपर्क कर सकते हैं।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010





















