
ग्राम पावटी में तेंदुआ दिखने की सूचना पर वन विभाग की त्वरित कार्यवाही, ड्रोन से की गई सर्चिंग
हापुड़, सीमन /संजय कश्यप(ehapurnews.com): गढ़मुक्तेश्वर रेंज के अंतर्गत ग्राम पावटी में ग्रामीणों द्वारा खेतों में एक मादा तेंदुआ व उसके दो शावकों के देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही प्रभागीय वनाधिकारी, हापुड़ एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी, गढ़मुक्तेश्वर अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
वन विभाग की टीम द्वारा आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए ड्रोन कैमरे की सहायता से लगभग 2 किलोमीटर के दायरे में गन्ने के खेतों में सघन सर्च अभियान चलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी, हापुड़ ने बताया कि “तेंदुआ अक्सर भोजन की तलाश में जंगल से भटक कर आबादी के पास आ जाता है। ग्रामीणों को घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग पूरी तरह सतर्क है। क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है और निगरानी की जा रही है।”
क्षेत्रीय वनाधिकारी, गढ़मुक्तेश्वर द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया गया
1. शाम 5 बजे के बाद अकेले खेतों में न जाएं।
2. छोटे बच्चों को घर से बाहर अकेला न छोड़ें।
3. खेत में जाते समय समूह में जाएं और शोर करते रहें।
4. यदि तेंदुआ दिखाई दे तो उस पर पत्थर न मारें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
5. अफवाहों पर ध्यान न दें।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी को भी तेंदुआ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। वन विभाग की रेस्क्यू टीम 24 घंटे अलर्ट मोड पर है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*





















