
हापुड़, सीमन / अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास ग्राम रहमतपुर जखैड़ा के निकट ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गढ़मुक्तेश्वर पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पुत्र रामवीर, उम्र करीब 30 वर्षीय, अपनी पत्नी शशि, उम्र करीब 28 वर्षीय, के साथ मोटरसाइकिल संख्या DL3SAB8904 से जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। बताया गया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।





















