
हापुड़ में फूड लाइसेंस के नाम पर रुपये मांगने का ऑडियो वायरल, 17 हजार की मांग और 13 हजार में सौदे की चर्चा
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़े मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वायरल ऑडियो को फूड लाइसेंस बनवाने के नाम पर रुपये मांगने से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, ई हापुड़ न्यूज़ वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर फूड लाइसेंस बनवाने के नाम पर 17 हजार रुपये की मांग किए जाने की बात सुनाई दे रही है। साथ ही, बातचीत में रकम का सौदा करीब 13 हजार रुपये में तय होने की चर्चा भी सामने आ रही है। ऑडियो में पैसे मंगवाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति का बारकोड भेजे जाने की बात भी कही जा रही है। इसके अलावा, रुपये मांगने वाला व्यक्ति कथित तौर पर कई तरह के दावे करता सुनाई दे रहा है।
सूत्रों के हवाले से इस ऑडियो को चमन नाम के एक व्यक्ति से जुड़ा बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पूर्व में खाद्य सुरक्षा विभाग से निजी कर्मचारी के रूप में जुड़ा रहा था। हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में ऑडियो में सुनाई देने वाले व्यक्ति की पहचान और बातचीत की वास्तविकता की पुष्टि होना जरूरी है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई:
मामले को लेकर जब खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कुछ अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज को पहचानने की बात भी सामने आई है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी सच्चाई:
फिलहाल वायरल ऑडियो को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या वास्तव में फूड लाइसेंस बनवाने के नाम पर रुपये मांगे गए? क्या किसी दूसरे व्यक्ति के बारकोड के जरिए भुगतान कराने की कोशिश की गई? और वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाला व्यक्ति कौन है? इन सभी सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यदि मामले में शिकायत दर्ज होती है और जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल मामले में विभाग की ओर से शिकायत मिलने पर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
नोट: ई हापुड़ न्यूज़ वायरल ऑडियो, उसमें लगाए जा रहे आरोपों और संबंधित व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559






















