
हापुड़, सीमन / अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच में जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर कस्बा बहादुरगढ़ के निकट एक दुर्घटना हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।जांच के दौरान पता चला कि राजेंद्र गुर्जर पुत्र अमीचंद सिंह निवासी नगला मोहल्ला, कस्बा बहादुरगढ़, उम्र लगभग 55 वर्षीय अपने लाल रंग के मैक्सी ट्रैक्टर से पसवाड़ा की ओर से बहादुरगढ़ की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान सर्विस लेन पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।हादसे में राजेंद्र गुर्जर ट्रैक्टर के नीचे दब गए जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को हटवाकर शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




















