
नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में सेवा संकल्प के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 70 लाभार्थियों ने उठाया योजनाओं का लाभ
हापुड़, सीमन / अमित कुमारehapurnews.com): जनपद हापुड़ के नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनका लाभ लेने के लिए आवेदन किए।
कार्यक्रम के दौरान सीएचसी सैकड़ा (सिकेड़ा) से आए डॉ. नेक सिंह ने अपनी स्वास्थ्य टीम के साथ मिलकर नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर में नजला, जुकाम, बुखार, खांसी सहित अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकीय टीम ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सेवा संकल्प शिविर में लगभग 70 लाभार्थियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लाभार्थियों की समस्याएं सुनीं तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, पारिवारिक लाभ योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा देवी भी मौजूद रहीं। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया और कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और किसी भी समस्या के लिए नगर पंचायत कार्यालय से संपर्क करें।
शिविर के दौरान नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाया।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739





















