
घर-घर नल,घर-घर शुध्द पेयजल
हापुड, सूवि(ehapurnews.com):जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद हापुड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार को घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
विकास खंड हापुड़ की ग्राम पंचायत मतनावली एवं विकास खंड धौलाना की ग्राम पंचायत सिवाया में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजनाओं पर शुक्रवार को जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद हापुड़ में अब तक कुल 43 ग्राम के सापेक्ष 51 राजस्व ग्राम में पेयजल योजनाओं पर जल अर्पण किया जा चुका है। शेष पेयजल योजनाओं को मार्च 2027 तक पूर्ण कर जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल योजनाओं के माध्यम से ग्रामवासियों को पाइप्ड वाटर सप्लाई के जरिए पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल गुणवत्ता की जांच एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों को बताया गया कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। ग्रामवासी पानी की बर्बादी न करें, नलों को अनावश्यक रूप से खुला न छोड़ें, पाइपलाइन, टंकी, पंप एवं अन्य जलापूर्ति परिसंपत्तियों को क्षति न पहुंचाएं तथा किसी भी प्रकार की लीकेज अथवा खराबी की सूचना तत्काल संबंधित ग्राम पंचायत अथवा विभागीय अधिकारियों को दें। साथ ही पेयजल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने एवं जल संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई।
जल साथी ऐप से शिकायतों का होगा त्वरित संज्ञान ।
ग्रामवासियों को ‘जल साथी ऐप’ के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को ऐप के माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है। ग्रामवासी लीकेज, कम जलापूर्ति, पाइपलाइन क्षति अथवा अन्य समस्याओं की सूचना उपलब्ध माध्यम से दर्ज कराकर उनके निराकरण में सहयोग कर सकते हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जल साथी ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए पेयजल योजनाओं की निगरानी एवं रख-रखाव में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
जल अर्पण कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, श्री पंकज, अधिशासी अभियंता, श्री पिन्टू मौर्य, सहायक अभियंता, श्री अनुज सांगवान, जूनियर इंजीनियर तथा कार्यदायी फर्म एल.सी. इंफ्रा के प्रतिनिधि एवं मेधज के डिस्ट्रिकट कॉर्डिनेटर श्री शक्ति तिवारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को जल के महत्व, जल संरक्षण तथा पेयजल योजना के सुचारू संचालन में सहयोग के लिए जागरूक किया गया।
जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित, पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है, जिसके लिए विभागीय प्रयासों के साथ-साथ ग्रामवासियों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739





















