
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में कपड़ों से भरे कैंटर को लूटने वाले गिरोह के साथ जनपदीय स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस की बीती देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया जबकि टीम ने एक घायल समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटा गया कपड़ों से भरा कैंटर, दो अवैध तमंचे मय दो खोखा व दो जिंदा करतू व अवैध चाकू बरामद किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद पुत्र इकबाल निवासी ग्राम औबरी, थाना असमोली जनपद संभल, अजीम पुत्र साकिर निवासी ग्राम कुंदरकी थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद, अमन पुत्र राहतजान निवासी ग्राम कुंदरकी थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद, फरदीन पुत्र महबूब आलम निवासी ग्राम कुंदरकी, थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद और सुबहान पुत्र कासिम निवासी ग्राम कुंदरकी, थाना कुंदरकी, जनपद मुरादाबाद के रूप में हुई है। एनकाउंटर के दौरान जावेद घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि जावेद और अजीम शातिर किस्म के अपराधी हैं। जावेद के खिलाफ सात और अजीम के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 27/28 सितंबर की रात गढ़ क्षेत्र के बलवापुर-बृजघाट रोड पर कैंटर को रोककर चालक और हेल्पर को बंधक बनाया और उन्हें अमरोहा क्षेत्र में छोड़कर कपड़ों से भरा कैंटर लूट लिया था।आरोपियों के कब्जे से कैंटर समेत करीब 55 लाख रुपये कीमत का शत-प्रतिशत माल, दो अवैध तमंचे, दो खोखा और दो जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार जावेद और अजीम के खिलाफ दिल्ली के साथ-साथ मुरादाबाद, संभल और हापुड़ में हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।




















