
गांधी जयंती पर विद्यार्थियों ने अपनाया गांधीवादी विचारों का मार्ग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विबग्योर इंटरनेशनल स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में उनके जीवन-संघर्ष, देश के प्रति योगदान एवं गांधीवादी जीवन-मूल्यों के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न शैक्षिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, समानता एवं सेवा जैसे गांधीवादी मूल्यों से परिचित कराना तथा उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं गांधीवादी विचारात्मक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के विचारों, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा वर्तमान समय में गांधीवादी सिद्धांतों की प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने तर्क एवं तथ्यों के माध्यम से अपने विचारव्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक संवाद और अभिव्यक्ति की भावना का परिचय दिया। इसके साथ ही ‘Each One, Teach One’ अभियान के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया। शिक्षकों ने कर्मचारी वर्ग को शिक्षा एवं बुनियादी ज्ञान से जोड़ने की पहल करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त साधन भी है।
विद्यालय के प्रबंधक जनार्दन गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “कि महात्मा गांधी का जीवन हमें सत्य, अनुशासन, सादगी और सेवा की प्रेरणा देता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। निदेशक नदीश गुप्ता ने कहा, “कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को शांति, सद्भाव और जिम्मेदारी की दिशा में प्रेरित करते हैं।” उन्होंने ‘Each One, Teach One’ जैसी पहल को सामाजिक उत्तरदायित्व और शिक्षा के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।प्रधानाचार्य डॉ. राहुल चावला ने कहा, “कि विद्यार्थियों में तर्कपूर्ण चिंतन, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा-भावविकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।” गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित गतिविधियाँ विद्यार्थियों को गांधीवादी जीवन-मूल्यों को समझने और उन्हें व्यवहार में अपनाने का अवसर प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और शिक्षा के प्रसार के गांधीवादी संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365





















