
लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
हापुड, सीमन (ehapurnews.com): सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रतीक शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान राष्ट्रनायक लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था, जिला इकाई हापुड़ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रेलवे रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी का संपूर्ण जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा, अनुशासन, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने अपने आचरण और कर्मों से यह सिद्ध किया कि राष्ट्रसेवा के लिए पद नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आवश्यक है।
शास्त्री जी द्वारा दिए गए अमर मंत्र “जय जवान, जय किसान” ने देश के जवानों और किसानों के योगदान को राष्ट्रीय चेतना के केंद्र में स्थापित किया। उनका जीवन आज भी प्रत्येक देशवासी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के सदस्यों ने शास्त्री जी को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने और समाज में देशभक्ति, अनुशासन तथा सेवा की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी जिला प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी जिला सचिव मुकेश प्रजापति जिला संरक्षक शशांक मुनि त्यागी तहसील उपाध्यक्ष तारा चंद जाटव , फारुख अहमद, विजय चौधरी उपस्थित रहे।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867




















