
अरसद मदनी ट्रस्ट से जुड़ी 8 बीघा सरकारी जमीन वापस ग्राम सभा के नाम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले की धौलाना तहसील प्रशासन ने अरसद मदनी के ट्रस्ट से जुड़े भूमि के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ऊपरी गंग नहर की पटरी पर मौजूद करीब 8 बीघा सरकारी जमीन की विवादित और फर्जी प्रविष्टियों को निरस्त कर, उसे दोबारा ग्राम सभा के खाते में दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं।
मामला वर्ष 1981 में ग्राम रावली में हुए कृषि पट्टों के आवंटन से जुड़ा है। बाद में चकबंदी और राजस्व अभिलेखों में खसरा संख्या 232/7 और 232/9 से संबंधित भूमि को लेकर विवाद सामने आया। इस भूमि पर वर्तमान में शेखुल हिन्द एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट दर्ज था। पुराने रिकॉर्ड और खतौनी के मिलान में अंतर पाए जाने के बाद प्रशासन ने यह फैसला सुनाया। हालांकि, इस पूरे मामले में अब भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है— जमीन तो ग्राम सभा के खाते में वापस दर्ज हो गई है, लेकिन फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले दोषियों पर अब तक कोई सख्त कार्रवाई या FIR दर्ज नहीं हुई है। इससे पहले 2022 में भी मदनी के कोचिंग संस्थान को फायर NOC न होने के चलते सील किया जा चुका है। मामले पर उपजिलाधिकारी (SDM) का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179




















